सर्पदंश से 16 वर्षीय युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम
गहमर, गाजीपुर। विजय कुमार की रिपोर्ट।
गहमर थाना क्षेत्र के मैगर राय गांव में जहरीले सांप के काटने से 16 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं गांव में भी शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार मैगर राय गांव निवासी निकेश कुमार मंगलवार की रात अपने कमरे में चौकी पर सोया था। उसके बगल में उसकी मां आशा देवी भी सो रही थीं। भोर के समय सोते हुए निकेश को किसी जहरीले सांप ने काट लिया। सर्पदंश का एहसास होने पर निकेश ने सांप को अपनी गर्दन से झटककर दूर फेंक दिया। इसके बाद सांप पास की झाड़ी में जाकर छिप गया।
सांप के काटने की जानकारी मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया। परिजन आनन-फानन में युवक को इलाज के लिए बिहार के बक्सर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद युवक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे पटना रेफर कर दिया।
हालांकि परिजन युवक को पटना ले जाने के बजाय बेहतर इलाज की उम्मीद में उसे गाजीपुर सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद निकेश को मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। मां सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें