भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं त्योहार, अफवाहों से रहें सावधान: डीएम
देवरिया। आगामी नवरात्रि, दशहरा, दीपावली एवं छठ पूजा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को पुलिस लाइन सभागार में जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी की अध्यक्षता में सेंट्रल पीस कमेटी की बैठक आयोजित हुई। बैठक में पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर सहित विभिन्न धर्मों के धर्मगुरु, जनप्रतिनिधि, संभ्रांत नागरिक एवं अधिकारी मौजूद रहे।
जिलाधिकारी ने लोगों से अपील की कि सभी त्योहार आपसी भाईचारे और गंगा-जमुनी तहजीब की भावना के साथ मनाएं। किसी भी धर्म की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली गतिविधियों से बचें और सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों पर विश्वास न करें। संदिग्ध अथवा भ्रामक सूचना मिलने पर उसे आगे प्रसारित करने के बजाय तत्काल प्रशासन को जानकारी देने की अपील की गई।
करीब 3500 दुर्गा पूजा पंडालों में रहेगी विशेष व्यवस्था
जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में करीब 3500 दुर्गा पूजा पंडाल स्थापित किए जाएंगे। पंडाल समितियों को समय से अनुमति लेने और निर्धारित नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। पंडालों में ज्वलनशील सामग्री का प्रयोग न करने, प्रवेश और निकास की पर्याप्त व्यवस्था रखने, पेयजल, सीसीटीवी तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा गया।
सड़क किनारे पंडाल न लगाने तथा संबंधित अधिकारियों को पंडालों का पूर्व निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए। नगर निकायों को पानी, बिजली और साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए कहा गया। विद्युत विभाग को जर्जर तारों एवं खंभों को दुरुस्त करने तथा विसर्जन मार्गों पर लटकते तारों की विशेष निगरानी करने के निर्देश दिए गए।
अश्लील गीत और आर्केस्ट्रा पर रोक
डीएम ने स्पष्ट किया कि पूजा पंडालों में अश्लील गीत और आर्केस्ट्रा का आयोजन नहीं किया जाएगा। महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग कतार की व्यवस्था रखने के निर्देश दिए गए। त्योहार पारंपरिक तरीके से मनाने और नई ऐसी परंपरा शुरू न करने को कहा गया, जिससे किसी प्रकार का विवाद उत्पन्न हो।
पुलिस रखेगी कड़ी निगरानी
पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने कहा कि त्योहारों के दौरान जिले में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी। प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस पिकेट के माध्यम से निगरानी की जाएगी। महिलाओं की सुरक्षा के लिए एंटी रोमियो स्क्वायड सक्रिय रहेगा तथा प्रमुख पूजा पंडालों पर महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों और पूजा पंडालों में शस्त्र प्रदर्शन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। अफवाह फैलाने या भ्रामक फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने पीस कमेटी के सदस्यों और संभ्रांत नागरिकों से लगातार समन्वय बनाए रखने की अपील की, ताकि सभी त्योहार शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सकें।
रिपोर्ट — अखिलेश कुमार दुबे, देवरिया

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें