भगवान श्रीराम और क्षत्रिय समाज पर अभद्र टिप्पणी का मामला, करणी सेना ने लिया संज्ञान
सीतापुर/तंबौर। रामकोट, सीतापुर की एक नौटंकी कंपनी की टीम तंबौर में कार्यक्रम के लिए पहुंची थी। इसी दौरान टीम के दो सदस्यों द्वारा भगवान श्रीराम एवं क्षत्रिय समाज को लेकर कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
वीडियो जब श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना, सीतापुर विधानसभा अध्यक्ष अभिषेक सिंह परमार के संज्ञान में आया तो उन्होंने तत्काल मामले को गंभीरता से लेते हुए नौटंकी कंपनी के मालिक से फोन पर बातचीत की। बातचीत के दौरान कंपनी मालिक ने अभिषेक सिंह से माफी मांगी और बताया कि संबंधित वीडियो सोशल मीडिया से डिलीट कर दिया गया है। कंपनी मालिक ने यह भी कहा कि मामले में जो भी कार्रवाई उचित समझी जाएगी, उसके लिए वह तैयार है।
अभिषेक सिंह परमार ने कंपनी मालिक से स्पष्ट रूप से कहा कि जिन दो लोगों ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया है, उन्हें तत्काल कंपनी से बाहर किया जाए और दोनों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर जारी कराया जाए।
इसके बाद संबंधित दोनों व्यक्तियों ने माफी मांगते हुए कहा कि उनसे गलती हुई है और भविष्य में इस तरह की गलती दोबारा नहीं होगी। उन्होंने अपने कृत्य के लिए क्षमा मांगी।
श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के सीतापुर विधानसभा अध्यक्ष अभिषेक सिंह परमार ने कहा कि भगवान श्रीराम और किसी भी समाज के प्रति अपमानजनक भाषा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में सभी को मर्यादा और सामाजिक सौहार्द का ध्यान रखना चाहिए।
रिपोर्टर — सुनील सिंह
जन-जन की आवाज़ न्यूज़ 24

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें