स्वामित्व योजना में ‘निष्पादक’ की भूमिका पर पटवारी संघ ने जताई आपत्ति
कानूनी जवाबदेही और भूमिका स्पष्ट करने की मांग, समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
जन-जन की आवाज़ न्यूज़ 24 बैतूल
ब्यूरो चीफ: अकरम खान पटेल
बैतूल। स्वामित्व योजना में पटवारियों को ‘निष्पादक’ की भूमिका दिए जाने को लेकर मध्यप्रदेश पटवारी संघ ने अपनी आपत्ति शासन के समक्ष रखी है। संघ के जिला अध्यक्ष मोहनलाल धुर्वे ने कहा कि पटवारी शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन में सहयोग करते हैं, लेकिन स्वामित्व योजना में निष्पादक की भूमिका से जुड़ी कानूनी जवाबदेही और अधिकारों को स्पष्ट किया जाना आवश्यक है।
पटवारी संघ के अनुसार, इस संबंध में शासन को ज्ञापन सौंपकर योजना में पटवारियों की भूमिका, अधिकार एवं कानूनी जवाबदेही को स्पष्ट करने की मांग की गई थी। संघ का कहना है कि ज्ञापन दिए जाने के बाद भी उनकी मांगों पर अपेक्षित निर्णय नहीं हुआ है।
भूमिका और कानूनी जवाबदेही स्पष्ट करने की मांग
संघ का कहना है कि दस्तावेजों एवं पंजीयन से जुड़े मामलों में भविष्य में किसी प्रकार का विवाद उत्पन्न होने की स्थिति में पटवारियों की जिम्मेदारी क्या होगी, इसे स्पष्ट किया जाना चाहिए। संघ ने कहा है कि जब तक इस संबंध में स्थिति स्पष्ट नहीं होती, तब तक पटवारी निष्पादक की भूमिका को लेकर अपनी आपत्ति दर्ज कराते रहेंगे।
संघ ने अपनी मांगों को लेकर आवाज उठा रहे पटवारियों के संबंध में जारी किए जा रहे कारण बताओ नोटिस एवं अन्य प्रशासनिक कार्रवाई पर भी अपनी चिंता व्यक्त की है। संघ का कहना है कि इस विषय का समाधान संवाद के माध्यम से किया जाना चाहिए।
लंबित मांगों पर भी ध्यान देने की अपील
जिला अध्यक्ष मोहनलाल धुर्वे ने कहा कि पटवारी संवर्ग पर लगातार विभिन्न योजनाओं और अतिरिक्त कार्यों की जिम्मेदारियां बढ़ रही हैं। उन्होंने संवर्ग की लंबे समय से लंबित वेतनमान संबंधी मांगों पर भी शासन से सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की।
निर्णय नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी
मोहनलाल धुर्वे ने कहा कि पटवारी संघ शासन के साथ बातचीत के माध्यम से समस्याओं का समाधान चाहता है। यदि स्वामित्व योजना में पटवारियों की भूमिका और कानूनी जवाबदेही से जुड़े मुद्दों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो संघ चरणबद्ध आंदोलन का रास्ता अपना सकता है।
उन्होंने कहा कि पटवारी स्वामित्व योजना के सफल क्रियान्वयन में सहयोग के लिए तैयार हैं, लेकिन उनकी भूमिका, अधिकार और जवाबदेही को स्पष्ट किया जाना जरूरी है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें