गरबा-डांडिया आयोजनों के लिए दिशा-निर्देश जारी
रात्रि 10 बजे तक कार्यक्रम समाप्त करने और भक्ति गीतों को प्राथमिकता देने पर जोर
वाराणसी। नवरात्रि के दौरान आयोजित होने वाले गरबा-डांडिया कार्यक्रमों में सांस्कृतिक मर्यादा, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विश्व हिंदू परिषद काशी महानगर कार्यालय में विभिन्न हिंदू संगठनों एवं सामाजिक प्रतिनिधियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में गरबा-डांडिया आयोजनों को लेकर आयोजकों के लिए कई दिशा-निर्देश जारी किए गए।
बैठक में कहा गया कि गरबा मां दुर्गा की आराधना से जुड़ा पारंपरिक धार्मिक आयोजन है। ऐसे कार्यक्रमों को दुर्गा पंडालों में आयोजित करने तथा रात्रि 10 बजे तक कार्यक्रम समाप्त करने का आह्वान किया गया।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पंडालों में पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाने और प्रवेश द्वार पर जांच की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। साथ ही आयोजनों में नशे पर पूर्ण प्रतिबंध रखने की बात कही गई।
विश्व हिंदू परिषद के सह मंत्री सत्यप्रकाश सिंह ने कहा कि गरबा-डांडिया कार्यक्रमों में फिल्मी एवं फूहड़ गीतों के स्थान पर भक्ति और पारंपरिक गीतों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने आयोजनों में मर्यादित वेशभूषा रखने का भी आग्रह किया।
बैठक में गरबा-डांडिया कार्यक्रमों के दौरान मां दुर्गा की आरती, तिलक और रक्षासूत्र की व्यवस्था करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में सत्यप्रकाश सिंह, विपुल कुमार पाठक, अनीता सिंह, तिलक राज, मनीष मिश्रा, सुधांशु, अमन कबीर, अतुल कुल, विनोद, राजेश मिश्रा, सच्चिदानंद सिंह, विकल्प और आनंद गोस्वामी सहित विभिन्न पदाधिकारी एवं सामाजिक प्रतिनिधि मौजूद रहे।
रिपोर्ट: विजय कुमार
जन-जन की आवाज़ न्यूज़ 24
लोकेशन: वाराणसी


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें