गांधी-शास्त्री जयंती पर POCSO एक्ट को लेकर कानूनी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
रिपोर्ट: विजय कुमार
जन जन की आवाज़ न्यूज़ 24
वाराणसी, 3 अक्टूबर। गांधी जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर 2026 को सुसुवाही स्थित बी.डी. अकादमी स्कूल में कानूनी जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सलाह पर काशी हिंदू विश्वविद्यालय के विधि संकाय की विधिक सहायता समिति एवं प्रो-बोनो क्लब की ओर से आयोजित कार्यक्रम का विषय ‘यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम, 2012’ (POCSO Act) रहा।
कार्यक्रम में स्कूल के करीब 200 छात्र-छात्राओं के साथ कई शिक्षक भी शामिल हुए। स्कूल के प्रधानाचार्य आकाश दीक्षित ने अतिथियों का स्वागत किया। विधिक सहायता समिति एवं प्रो-बोनो क्लब के कार्यकारी निदेशक प्रो. मनोज कुमार पाढ़ी ने समिति और क्लब की गतिविधियों की जानकारी देते हुए कार्यक्रम के विषय की उपयोगिता पर प्रकाश डाला।
समिति की सदस्य डॉ. डॉली सिंह ने POCSO अधिनियम के विषय का परिचय कराया। विधि संकाय के डीन एवं विधिक सहायता समिति तथा प्रो-बोनो क्लब के निदेशक प्रो. प्रदीप कुमार सिंह ने अपने संबोधन में अधिनियम के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी। लॉ ऑफिसर डॉ. अभय पांडेय ने भी विशेष संबोधन किया।
कार्यक्रम के दौरान विधि संकाय के छात्रों ने POCSO अधिनियम पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर बच्चों को अधिनियम की प्रमुख विशेषताओं और जागरूकता से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी। इसके बाद छात्रों द्वारा क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें स्कूल के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
छात्र-छात्राओं को POCSO अधिनियम से संबंधित अपने सवाल पूछने और शंकाओं का समाधान प्राप्त करने के लिए भी प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम में डॉ. सुरेंद्र मेहरा और डॉ. आकांक्षा भी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अंजलि अग्रवाल ने किया।
रिपोर्ट: विजय कुमार
जन जन की आवाज़ न्यूज़ 24


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें