मां का भव्य श्रृंगार और गीत-संगीत का हुआ आयोजन
वाराणसी। श्री श्री शीतला माता मंदिर, रामापुरम, वाराणसी में मां का भव्य श्रृंगार एवं धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रम श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर मां के दर्शन किए और धार्मिक आयोजन में भाग लिया।
पूर्व महानगर अध्यक्ष नीरज दुबे के पुत्र चंदन दुबे ने मां की भावपूर्ण आरती की तथा 108 नारियल की बलि अर्पित कर मां का भव्य श्रृंगार संपन्न कराया। इसके बाद प्रसाद वितरण के साथ गीत-संगीत एवं शहनाई वादन का कार्यक्रम शुरू हुआ।
शहनाई के मुख्य कलाकार पंडित महेंद्र प्रसन्न ने शहनाई की मधुर धुनों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने विभिन्न धार्मिक एवं पारंपरिक बंदिशें प्रस्तुत कीं। इसके बाद “मैया नवेली झुलुआ हो, झूली-झूली ना” सहित अन्य भक्तिमय प्रस्तुतियों से वातावरण भक्तिमय हो गया। “ओ शेरों पर सवार मैया, ओढ़े चुनरी धुन” जैसी प्रस्तुतियों ने भी श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
श्री रविशंकर जी ने बांसुरी वादन की प्रस्तुति दी, वहीं राज अमन ने पहाड़ी धुन प्रस्तुत कर श्रोताओं की खूब वाहवाही बटोरी। इसके पश्चात विजय वाल्मीकि की झांकी ने कार्यक्रम को और आकर्षक बना दिया।
कार्यक्रम में पंडित संजय दुबे, चंदन दुबे, रामगोपाल वर्मा, पार्षद एवं संरक्षक विजय वाजपेयी, सुक्कू गुप्ता, बेला दीदी सहित सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल से गूंजता रहा।
रिपोर्ट: विजय कुमार
जन जन की आवाज़ न्यूज़ 24



टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें