शराब पार्टी में पत्नी पर आपत्तिजनक टिप्पणी बनी हत्या की वजह, दो सगे भाइयों ने दोस्त को उतारा मौत के घाट
झल्लार पुलिस की त्वरित कार्रवाई, 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपी गिरफ्तार
अकरम खान पटेल, बैतूल ब्यूरो चीफ
जन-जन की आवाज न्यूज़ 24
बैतूल, 2 अक्टूबर 2026। जिले में हत्या एवं अन्य गंभीर अपराधों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश पुलिस अधीक्षक बैतूल श्री वीरेन्द्र जैन द्वारा दिए गए हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमलेश खरपुसे एवं एसडीओपी भैंसदेही श्री लोकेश डाबर के मार्गदर्शन में थाना झल्लार पुलिस ने ग्राम खोदरी में हुई हत्या के मामले में कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
यह है पूरा मामला
पुलिस के अनुसार, 30 सितंबर 2026 को फरियादिया ने थाना झल्लार में सूचना दी कि उसका 25 वर्षीय पुत्र शेखर पाल, ग्राम खोदरी निवासी सुनील टांडिलकर भगत से मिलने और सिरदर्द का इलाज कराने की बात कहकर सुबह करीब 9 बजे मोटरसाइकिल से घर से निकला था। शाम तक वापस नहीं लौटने और मोबाइल फोन बंद मिलने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
रात्रि करीब 8 बजे सूचना मिली कि शेखर पाल की ग्राम खोदरी में सुनील टांडिलकर के घर पर हत्या हो गई है। फरियादिया ने सुनील टांडिलकर एवं उसके भाई गजानंद टांडिलकर पर हत्या का संदेह जताया।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी झल्लार श्री वाहिद खान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना देकर घटनास्थल को सुरक्षित कराया गया। सीन ऑफ क्राइम प्रभारी निरीक्षक आबिद अंसारी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए तथा घटनास्थल की फोटोग्राफी कराई।
अपराध दर्ज, 24 घंटे में गिरफ्तारी
मामले में थाना झल्लार में अपराध क्रमांक 184/2026 के तहत धारा 103(1), 238 एवं 3(5) बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस टीम ने आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश देकर दोनों आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी—
- गजानंद पिता संजू टांडिलकर, उम्र 31 वर्ष, निवासी ग्राम खोदरी, थाना झल्लार, जिला बैतूल।
- सुनील पिता संजू टांडिलकर, उम्र 33 वर्ष, निवासी ग्राम खोदरी, थाना झल्लार, जिला बैतूल।
शराब पार्टी के दौरान हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि घटना के समय गजानंद टांडिलकर, उसका भाई सुनील टांडिलकर और मृतक शेखर पाल गजानंद के घर पर शराब पी रहे थे। इसी दौरान मृतक द्वारा गजानंद की पत्नी के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने पर विवाद हो गया।
पुलिस के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर दोनों भाइयों ने शेखर पाल के साथ मारपीट की और धारदार हथियार से उसके सिर एवं गर्दन पर वार किए, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। इसके बाद दोनों भाइयों ने शव को गजानंद के घर के सामने स्थित सुनील के टपरे में छिपा दिया। पुलिस ने वहां से शव बरामद किया।
पुलिस द्वारा मामले से जुड़े अन्य साक्ष्यों एवं तथ्यों का संकलन करते हुए विवेचना जारी है।
इन पुलिसकर्मियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी झल्लार श्री वाहिद खान, सीन ऑफ क्राइम प्रभारी निरीक्षक आबिद अंसारी, एएसआई जगदीश नवरे, एएसआई राज पहाड़े, प्रधान आरक्षक 146 हाकम सिंह, प्रधान आरक्षक 106 जगदीश कीर, प्रधान आरक्षक सुभाष माकोड़े, आरक्षक 669 हर्ष, आरक्षक 618 जगदीश, आरक्षक पवन एनिया, आरक्षक विवेक गाडगे, आरक्षक 585 नीतेश, महिला आरक्षक 471 रोशनी एवं सैनिक अमित मौर्य की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक बैतूल श्री वीरेन्द्र जैन ने झल्लार पुलिस टीम की त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की सराहना की।
पुलिस अधीक्षक की आमजन से अपील
पुलिस अधीक्षक श्री वीरेन्द्र जैन ने आमजन से अपील की है कि आपसी या पारिवारिक विवाद में कानून को अपने हाथ में न लें। विवाद की स्थिति में संयम बनाए रखें और तत्काल पुलिस को सूचना दें। किसी भी अपराध अथवा संदिग्ध गतिविधि की जानकारी होने पर पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते वैधानिक कार्रवाई की जा सके।




टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें