चोलापुर में जिला सहकारी बैंक में बड़ी चोरी का प्रयास विफल: गैस कटर से काटा दरवाजा, पुलिस सायरन से भागे चोर
वाराणसी के चोलापुर थाना क्षेत्र के मुर्दहा पुलिस चौकी अंतर्गत आयर बाजार स्थित जिला सहकारी बैंक में बीती रात चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम देने की कोशिश की, जिसे पुलिस की सतर्कता और गश्त के चलते विफल कर दिया गया। चोर बैंक के पिछले हिस्से से बाउंड्री वॉल फांदकर परिसर में घुसे थे और गैस कटर से लोहे का दरवाजा भी काट दिया था, लेकिन समय रहते वारदात टल गई।
ऐसे हुआ मामले का खुलासा
घटना की जानकारी रविवार सुबह तब हुई जब पास ही स्थित गायत्री पूजन सामग्री एवं पतंजलि स्टोर के संचालक दीपक सिंह अपनी दुकान की तरफ गए। उन्होंने बैंक की गली का दरवाजा खुला देखा और वह गैस कटर से कटा हुआ था। किसी अनहोनी की आशंका पर उन्होंने तुरंत बैंक के जीएम नलिन, बैंक मैनेजर सुधीर रंजन और कैशियर मनीष नायक को फोन कर सूचना दी।
सूचना मिलते ही बैंक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और पुलिस को सूचित किया। मुर्दहा चौकी प्रभारी संध्या जायसवाल अपनी पुलिस टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचीं और उच्चाधिकारियों को इस दुस्साहसिक घटना से अवगत कराया।
पुलिस की गश्त से टली बड़ी घटना
पुलिस का अनुमान है कि रात में गश्त के दौरान पुलिस की गाड़ी का सायरन सुनकर चोर डर गए। वे अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके और किसी भी बड़ी चोरी को अंजाम दिए बिना ही मौके से फरार हो गए। गनीमत रही कि बैंक के भीतर रखी भारी रकम चोरी होने से पूरी तरह सुरक्षित बच गई।
वरिष्ठ अधिकारियों और फॉरेंसिक टीम ने किया निरीक्षण
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी वरुणा जोन राजेश कुमार पाण्डेय और एसीपी सारनाथ विनय कुमार द्विवेदी ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। इसके साथ ही फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर फिंगरप्रिंट और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।
जांच के दौरान यह बात सामने आई कि बैंक परिसर के भीतर सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हुए थे, जिससे बैंक की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। फिलहाल पुलिस आसपास की अन्य दुकानों और रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुटी है ताकि संदिग्ध चोरों की पहचान की जा सके।
— विशेष रिपोर्ट: विजय कुमार, जन जन की आवाज़ न्यूज़ 24

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें