NHM संविदा कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री के नाम जिलाधिकारी को सौंपा मांगपत्र
नियमितीकरण समेत 6 सूत्रीय मांगों के शीघ्र निस्तारण की मांग, कार्रवाई न होने पर चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी
रामपुर उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ (रजि.) ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत कार्यरत संविदा कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को संबोधित मांगपत्र जिलाधिकारी रामपुर के माध्यम से प्रेषित किया।
संघ का कहना है कि प्रदेश में NHM के संविदा कर्मचारी पिछले 15 से 18 वर्षों से स्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। ग्रामीण एवं दुर्गम क्षेत्रों के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों से लेकर जिला चिकित्सालयों और विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों तक कर्मचारी लगातार सेवाएं दे रहे हैं। संघ ने कोविड-19 महामारी के दौरान कर्मचारियों के योगदान का भी उल्लेख किया।
संघ की 6 प्रमुख मांगें
1. नियमितीकरण: लंबे समय से कार्यरत NHM संविदा कर्मचारियों का नियमितीकरण किया जाए।
2. समान कार्य-समान वेतन: नियमितीकरण होने तक संविदा कर्मचारियों के वेतन में आवश्यक वृद्धि कर समान कार्य के अनुरूप वेतन दिया जाए तथा NHM में आवश्यक पदों का सृजन किया जाए।
3. गैर जनपद स्थानांतरण नीति: रिक्त पदों पर गैर जनपद स्थानांतरण की नीति बहाल कर कर्मचारियों को उनकी मांग एवं सुविधा के अनुसार स्थानांतरण का अवसर दिया जाए।
4. अनुकंपा नियुक्ति: सेवा के दौरान संविदा कर्मचारी की मृत्यु होने पर पात्र आश्रित को योग्यता के आधार पर अनुकंपा नियुक्ति की नीति बनाई जाए।
5. आउटसोर्स कर्मचारियों का समायोजन: NHM के अंतर्गत जनपद एवं ब्लॉक स्तर पर आउटसोर्स के माध्यम से कार्यरत MCTS/IDSP/HMIS डाटा ऑपरेटर एवं कोविड-19 कर्मचारियों को जिला स्वास्थ्य समिति में समायोजित किया जाए।
6. नियमित भर्तियों में 25 प्रतिशत कोटा: स्वास्थ्य विभाग के नियमित पदों पर होने वाली भर्तियों में NHM संविदा कर्मचारियों के लिए कम से कम 25 प्रतिशत सीटों का कोटा निर्धारित किया जाए।
3 अक्टूबर तक कार्रवाई की मांग
संघ ने मांगपत्र के माध्यम से शासन से 3 अक्टूबर 2026 तक सकारात्मक कार्रवाई की अपेक्षा जताई है। मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में संगठन ने चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी दी है।
कार्यक्रम के अनुसार 5, 6 और 7 अक्टूबर को कर्मचारी काला फीता बांधकर सांकेतिक विरोध दर्ज कराएंगे। इसके बाद 8, 9 और 10 अक्टूबर को जनपद मुख्यालयों पर बैठक कर मांगें पूरी होने तक शांतिपूर्ण कार्य बहिष्कार/कार्यविराम के माध्यम से विरोध दर्ज कराने की बात कही गई है।
संघ ने मुख्यमंत्री से वर्षों से स्वास्थ्य विभाग में सेवाएं दे रहे NHM संविदा कर्मचारियों की मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की है।
रफीउल्लाह खान | ब्यूरो चीफ, रामपुर
📰 जन-जन की आवाज़ न्यूज़ 24

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें