*नवनिर्मित रामपुर इंटरचेंज में दरार, एड. रामबहादुर ने मौके पर पहुंचकर उठाए गंभीर सवाल*
जन-जन की आवाज न्यूज़ 24 रामपुर
जिला ब्यूरो चीफ रफीउल्लाह खान की रिपोर्ट
*रामपुर।* रामपुर शहर की ओर जाने वाले फ्लाईओवर/इंटरचेंज में दरार और क्षतिग्रस्त हिस्से को लेकर सपा नेता एड. रामबहादुर ने मौके पर पहुंचकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने मौके से वीडियो जारी कर निर्माण की गुणवत्ता और सुरक्षा व्यवस्था पर चिंता जताई।
एड. रामबहादुर ने बताया कि इस इंटरचेंज का निर्माण कार्य दिसंबर 2025 में पूरा हुआ था और लगभग 22 दिसंबर 2025 के आसपास इस पर आवागमन शुरू हुआ था। अभी निर्माण को एक वर्ष भी पूरा नहीं हुआ है और पुल के बीच में दरार दिखाई दे रही है।
उन्होंने वीडियो के माध्यम से दिखाया कि क्षतिग्रस्त हिस्से पर प्लास्टर लगाकर उसे छिपाने का प्रयास किया गया है। उनके अनुसार, मौके पर लगाया गया प्लास्टर हाथ लगाने मात्र से उखड़ रहा है। इससे निर्माण की गुणवत्ता और की गई मरम्मत को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
एड. रामबहादुर ने कहा कि पुल जैसे महत्वपूर्ण सार्वजनिक निर्माण में इस तरह की दरार को सामान्य मानकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। यदि संरचना में वास्तव में गंभीर तकनीकी कमी है तो भविष्य में यह राहगीरों और वाहन चालकों के लिए बड़ा खतरा बन सकती है।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मामले को तत्काल गंभीरता से लेते हुए इंटरचेंज की तकनीकी जांच कराई जाए। जरूरत पड़ने पर आवागमन को अस्थायी रूप से बंद कर विशेषज्ञों से संरचना की जांच कराई जाए और सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक कदम तुरंत उठाए जाएं, ताकि किसी संभावित हादसे को समय रहते रोका जा सके।
एड. रामबहादुर ने कहा कि जनता की सुरक्षा सर्वोपरि है। निर्माण कार्य में यदि कहीं भी लापरवाही या गुणवत्ता संबंधी कमी पाई जाती है तो उसकी जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए और आवश्यक कार्रवाई होनी चाहिए।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें