बाल शिक्षा व खेल आधारित शिक्षण के सीखे गुर
कडल्ली कैटरपिलर स्कूल में दो दिवसीय शिक्षक प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित
वाराणसी। कडल्ली कैटरपिलर स्कूल में दो दिवसीय शिक्षक प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का संचालन दिल्ली की अर्ली ईयर्स कंसल्टेंट एवं शिक्षक प्रशिक्षक सुश्री नताशा थोलिया ने किया।
कार्यशाला के दौरान शिक्षकों को प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षा, बच्चों की सीखने की प्रक्रिया, खेल आधारित शिक्षण तथा बाल-अनुकूल कक्षा वातावरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया। शिक्षकों ने विभिन्न गतिविधियों और संवादात्मक सत्रों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।प्रशिक्षण के दौरान बाल-केंद्रित शिक्षण पद्धति को प्रभावी बनाने तथा बच्चों की सीखने की क्षमता के अनुरूप कक्षा वातावरण विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया।
स्कूल के चेयरमैन संदीप चौरसिया ने कहा कि मजबूत शिक्षा की नींव प्री-स्कूल और प्रारंभिक वर्षों में ही रखी जाती है। यदि प्री-स्कूल शिक्षक आधुनिक शिक्षण कौशल, प्रभावी शिक्षण पद्धतियों और बाल-केंद्रित दृष्टिकोण से सुसज्जित हों, तो बच्चों को बेहतर सीखने के अवसर मिलते हैं और उनके समग्र विकास की मजबूत आधारशिला तैयार होती है।
उन्होंने बताया कि यह कार्यशाला स्कूल में शिक्षकों के लिए शुरू किए गए आठ सत्रों वाले व्यावसायिक विकास कार्यक्रम की पहली कड़ी है। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों के कौशल को निरंतर विकसित करते हुए शिक्षण की गुणवत्ता को और अधिक प्रभावी एवं सशक्त बनाना है।रिपोर्टर — विजय कुमार वाराणसी
जन-जन की आवाज़ न्यूज़ 24


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें