रणवीर यादव के नेतृत्व में समाजवादी कार्यकर्ताओं ने बूट पॉलिश कर मनाया “बेरोजगार दिवस”
देवरिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर गुरुवार, 17 सितंबर 2026 को समाजवादी युवजन सभा के जिलाध्यक्ष रणवीर यादव के नेतृत्व में समाजवादी यूथ फ्रंटल संगठनों के कार्यकर्ताओं ने देवरिया शहर के सिविल लाइन में बूट पॉलिश कर “बेरोजगार दिवस” मनाया। कार्यक्रम के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने बेरोजगारी और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने का मुद्दा उठाते हुए सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।
इस दौरान समाजवादी युवजन सभा के जिलाध्यक्ष रणवीर यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रतिवर्ष दो करोड़ नौजवानों को रोजगार देने का वादा कर सत्ता प्राप्त की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में आने के बाद भाजपा सरकार ने बेरोजगार नौजवानों से वादा खिलाफी की है।
रणवीर यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में पढ़ा-लिखा नौजवान नौकरी और रोजगार के लिए दर-दर भटक रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों के कारण नौजवानों के भविष्य को लेकर चिंता बनी हुई है। रणवीर यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के पास नौजवानों को नौकरी और रोजगार देने की कोई ठोस कार्ययोजना नहीं है।
वहीं समाजवादी लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष दिव्यांश श्रीवास्तव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को समाजवादी युवा कार्यकर्ताओं ने बूट पॉलिश कर “बेरोजगार दिवस” के रूप में मनाया है। उन्होंने सरकार पर युवाओं को रोजगार के मुद्दे पर निराश करने का आरोप लगाया।
कार्यक्रम में लोहिया वाहिनी के प्रदेश सचिव गिरीश जायसवाल, यूथ ब्रिगेड के प्रदेश सचिव लारेब रहमान, विनोद यादव सहित अन्य समाजवादी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
देवरिया रिपोर्टर — इरफान अहमद
जन-जन की आवाज़ न्यूज़ 24


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें