अतिक्रमण बना सिरदर्द, व्यापार हो रहा चौपट
पर्यटकों को विश्वनाथ मंदिर तक जाने में छूट रहे पसीने, अवैध पार्किंग, सड़कों-फुटपाथ पर ठेले खोमचों से बदहाल शहर की सूरत
वाराणसी । शहर में लगातार बढ़ रहा अतिक्रमण अब आम जनता के लिए सिरदर्द बन चुका है। मुख्य बाजार हो चाहे रिहायशी इलाका। सड़क हो या फुटपाथ। हर जगह दुकानदारों, रेहड़ी-पटरी वालों के अलावा अवैध पार्किंग का दंश झेलने को लोग मजबूर हैं। स्थिति यह है कि सड़क पर अब पैदल चलने वालों के लिए भी जगह नहीं बची है।
अतिक्रमण की वजह से प्रतिदिन लगने वाले जाम में कभी एम्बुलेंस तो कभी स्कूल बसें फंसी नजर आ जाती हैं। दरअसल, फुटपाथों पर दुकानें सजने के कारण ग्राहक अपने वाहन सड़कों पर खड़े कर देते हैं। जिसके चलते पैदल यात्री मुख्य सड़क पर चलने को मजबूर हो जाते हैं। इसके चलते कई बार हादसे भी होते हैं। वहीं दूसरी ओर इसका कारोबार पर भी असर पड़ता है। व्यापारियों का कहना है कि उनकी दुकानो के आगे अवैध कब्जे से ग्राहकों को उन तक पहुंचने में काफी परेशानी होती है। कई बार तो ग्राहक अपना मार्ग भी बदल लेते हैं।
स्थानीय निवासियों का आरोप है प्रशासन कभी-कभार जब अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाता है तो थोड़े समय के लिए तो स्थिति ठीक रहती है, लेकिन बाद में फिर वही ढांक के तीन पात वाली कहावत चरितार्थ हो जाती है। इन सबसे ऊब चुकी जनता अब इसका स्थायी समाधान चाहती है। जबकि, व्यापारियों ने तो बाकायदे अवैध कब्जा करने वालों पर कार्रवाई की मांग की हैं l
अतिक्रमण हटाओ गैंग होगा सक्रिय
शहर में अतिक्रमण के बढ़ते प्रभाव पर काशीवार्ता ने अपर नगर आयुक्त अमित कुमार प्रभारी अतिक्रमण से बातचीत की। जब समाधान के बारे में पूछा तो उन्होंने बताया नगर निगम इसपर गंभीर है तथा प्रत्येक जोनल कार्यालय पर अतिक्रमण हटाओ गैंग की स्थापना करने जा रहा है। जो जोनल अधिकारी के नेतृत्व में प्रतिदिन अतिक्रमण हटाने का काम करेगी। हालांकि, इसका मुख्य केंद्र नगर निगम मुख्यालय रहेगा। जहां से विशेष परिस्थितियों में इस गैंग का सहयोग लिया जाएगा।
अमित कुमार, अपर नगर आयुक्त प्रभारी अतिक्रमण
📍 वाराणसी | रिपोर्ट: विजय कुमार वनारासी
📺 जन-जन की आवाज़ न्यूज़ 24


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें