सर्वसुविधायुक्त भव्य विद्यालय भवन का निर्माण कर प्रशासन को किया सुपुर्द
हेमंत खंडेलवाल ने किया लोकार्पण, मुनीन्द्र धर्मार्थ ट्रस्ट ने शिक्षा के क्षेत्र में पेश की मिसाल
बैतूल। सच्ची समाजसेवा वही है, जिसका लाभ समाज के अंतिम छोर तक पहुंच सके। इसी उद्देश्य के तहत संत रामपाल महाराज के मुनीन्द्र धर्मार्थ ट्रस्ट द्वारा ‘अन्नपूर्णा मुहिम’ के अंतर्गत संचालित ‘शिक्षित हो जन-जन अभियान’ के तहत ग्राम जामठी में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के नवनिर्मित भवन का निर्माण कार्य पूर्ण कर उसे स्कूल शिक्षा विभाग एवं जिला प्रशासन को सुपुर्द किया गया।
नवनिर्मित विद्यालय भवन का लोकार्पण एक गरिमामयी समारोह में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल द्वारा किया गया। कार्यक्रम में एसडीएम अभिजीत सिंह, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, जिला शिक्षा अधिकारी पूनम वरकड़े, भाजपा बैतूल ग्रामीण मंडल अध्यक्ष नितिन बारसकर, मंडल उपाध्यक्ष सुनील नहारिया सहित विभिन्न गांवों के सरपंच, सचिव, पटवारी एवं आरआई मौजूद रहे।
सितंबर 2026 में लगभग एक माह में तैयार किए गए इस भवन में विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 15×24 फीट आकार के पांच विशाल एवं हवादार कमरों का निर्माण किया गया है। कमरों के बाहर 11×150 फीट का विस्तृत बरामदा भी बनाया गया है।
विद्यालय में छात्र-छात्राओं के लिए पृथक बाथरूम एवं शौचालय, शुद्ध पेयजल के लिए वॉटर कूलर, विद्युत व्यवस्था एवं लाइट फिटिंग की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए 10 सीलिंग फैन भी लगाए गए हैं।
विद्यालय परिसर की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मजबूत बाउंड्री वॉल का निर्माण कराया गया है। इसके साथ ही पूरे विद्यालय परिसर में पुताई तथा प्रांगण में मुरूम का भराव भी कराया गया।
इस अवसर पर ट्रस्ट की ओर से कहा गया कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराना समाजहित का महत्वपूर्ण कार्य है। नवनिर्मित विद्यालय भवन से जामठी और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को बेहतर वातावरण में शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
मुनीन्द्र धर्मार्थ ट्रस्ट द्वारा विद्यालय भवन का निर्माण कर उसे प्रशासन को सौंपना क्षेत्र में शिक्षा के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।
रिपोर्ट: अकरम खान पटेल, ब्यूरो चीफ बैतूल
जन-जन की आवाज़ न्यूज़ 24


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें