| विज्ञापन व संवाददाता बनने हेतु संपर्क: 6306758202
Breaking News
• जन जन की आवाज़ न्यूज़ 24 में आपका स्वागत है! • अपने क्षेत्र से संवाददाता या पत्रकार बनने के लिए और विज्ञापन के लिए तुरंत संपर्क करें: 6306758202 •

जन जन की आवाज़ न्यूज़ 24

क्षेत्रीय संवाददाता एवं पत्रकार बनने के लिए संपर्क करें: 6306758202

 

SIR को लेकर सपा के राष्ट्रीय सचिव ने चुनाव आयोग पर उठाए सवाल

देवरिया के राघवनगर स्थित एक रेस्टोरेंट में शनिवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक सुभाष चंद्र श्रीवास्तव ने पत्रकार वार्ता की। इस दौरान उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए।


सुभाष चंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि द इंडियन एक्सप्रेस में प्रकाशित खोजी रिपोर्ट से चुनाव आयोग के भीतर SIR को लेकर उठाई गई आपत्तियों का मामला सामने आया है। उन्होंने दावा किया कि रिपोर्ट के अनुसार पिछले दस महीनों में चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने विभिन्न निर्णयों को लेकर कम से कम 14 बार आपत्तियां दर्ज कराईं।

उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों चुनाव आयुक्तों की आपत्तियों के बावजूद मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार द्वारा कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। विशेष रूप से नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए फॉर्म-6 में किए गए बदलाव और मतदाता सूची से नाम हटाने की प्रक्रिया पर उन्होंने सवाल उठाए।

उन्होंने कहा कि नए मतदाताओं के पंजीकरण में SIR से संबंधित अतिरिक्त जानकारी मांगे जाने को लेकर भी आपत्तियां दर्ज की गई थीं। उनका आरोप है कि मतदाता सूची के डिजिटल प्रबंधन को अधिक केंद्रीकृत किए जाने से स्थानीय स्तर पर काम करने वाले अधिकारियों की भूमिका और अधिकार प्रभावित हुए हैं।

सुभाष चंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है, इसलिए इसके पुनरीक्षण की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और नियमों के अनुरूप होनी चाहिए। उन्होंने SIR के दौरान बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट सूची से हटाए जाने को लेकर भी चिंता जताई।

उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो तथा चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और SIR से संबंधित निर्णयों को सार्वजनिक रूप से स्पष्ट किया जाए।

गौरतलब है कि द इंडियन एक्सप्रेस की 25 सितंबर 2026 की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने पिछले दस महीनों में कम से कम 14 बार आयोग के कुछ निर्णयों और प्रक्रियाओं पर लिखित आपत्तियां दर्ज कीं। रिपोर्ट में फॉर्म-6 में बदलाव, मतदाता सूची के केंद्रीकरण तथा मतदाताओं के नाम जोड़ने-हटाने की प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों का उल्लेख किया गया है।

रामगोविंद चौधरी के निधन पर जताया शोक

पत्रकार वार्ता के अंत में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी के निधन पर शोक व्यक्त किया गया। सुभाष चंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि उनका निधन पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति है।

उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों को इस असह्य पीड़ा को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।

रिपोर्ट: इरफान अहमद, देवरिया

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

बैतूल: सरपंच बनाम पत्रकार विवाद, दोनों पक्ष आमने-सामने, जांच की मांग तेज