तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र, रघुवंश प्रसाद सिंह, शरद यादव और रामविलास पासवान की प्रतिमा लगाने की मांग
पटना। बिहार के नेता प्रतिपक्ष एवं राजद नेता तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय शरद यादव, पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय डॉ. रघुवंश प्रसाद सिंह और पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय रामविलास पासवान की राज्य में आदमकद प्रतिमाएं स्थापित करने तथा उनकी जयंती अथवा पुण्यतिथि को राजकीय समारोह के रूप में घोषित करने की मांग की है
।
तेजस्वी यादव ने अपने पत्र में तीनों नेताओं को बिहार की महान विभूतियां और प्रखर समाजवादी नेता बताते हुए कहा कि उन्होंने अपने सामाजिक सरोकारों और सक्रिय राजनीतिक जीवन के माध्यम से बिहार और देश की उल्लेखनीय सेवा की। उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व से बिहारवासी सदैव ऋणी रहेंगे।
रघुवंश बाबू की अंतिम इच्छाओं का किया उल्लेख
नेता प्रतिपक्ष ने स्वर्गीय डॉ. रघुवंश प्रसाद सिंह की उन मांगों का भी उल्लेख किया, जिन्हें उन्होंने निधन से कुछ दिन पहले बिहार के तत्कालीन मुख्यमंत्री को पत्र के माध्यम से उठाया था। तेजस्वी यादव ने कहा कि करीब छह वर्ष बीतने के बावजूद इन मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं हुई है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से लंबित मांगों को पूरा करने के लिए आवश्यक कदम उठाने का अनुरोध किया। साथ ही कहा कि रघुवंश बाबू की अंतिम इच्छाओं को सम्मान देते हुए उन्हें पूरा करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
शरद यादव और रामविलास पासवान के योगदान को किया याद
तेजस्वी यादव ने स्वर्गीय शरद यादव को कद्दावर समाजवादी नेता बताते हुए कहा कि उन्होंने लंबे समय तक लोकसभा और राज्यसभा में सक्रिय भूमिका निभाई तथा सामाजिक न्याय की राजनीति के माध्यम से वंचित एवं पिछड़े वर्गों के उत्थान में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
वहीं, स्वर्गीय रामविलास पासवान के योगदान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि वे समतावादी विकास और समाजवाद के पक्षधर थे तथा उन्होंने अपना जीवन दबे-कुचले और उपेक्षित वर्गों के सामाजिक उत्थान, संघर्ष, सुरक्षा एवं विकास के लिए समर्पित किया।
मुख्यमंत्री से की विशेष मांग
तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि स्वर्गीय डॉ. रघुवंश प्रसाद सिंह, स्वर्गीय शरद यादव और स्वर्गीय रामविलास पासवान की आदमकद प्रतिमाएं राज्य में स्थापित की जाएं और उनकी जयंती अथवा पुण्यतिथि को राजकीय समारोह के रूप में घोषित किया जाए।
जन-जन की आवाज़ न्यूज़ 24
पटना, बिहार



टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें