शिक्षकों को 3 माह से वेतन नहीं मिला
आक्रोशित मप्र शिक्षक संघ ने सौंपा ज्ञापन
ब्यूरो चीफ अकरम खान पटेल
जन-जन की आवाज न्यूज़ 24 बैतूल
बैतूल। मप्र शिक्षक संघ ने शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं को लेकर जनजातीय कार्य विभाग की सहायक आयुक्त वात्सला शिवहरे को ज्ञापन सौंपा। संघ के जिला अध्यक्ष दिलीप गीते ने बताया कि जिले से बाहर एवं जिले के अंदर स्थानांतरित होकर आए शिक्षकों को पिछले तीन माह से वेतन नहीं मिला है, जिससे शिक्षकों में रोष व्याप्त है।
संघ ने बताया कि प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षकों की 12 वर्ष एवं 24 वर्ष की सेवा पूर्ण होने के बाद भी क्रमोन्नति आदेश लंबे समय से जारी नहीं किए गए हैं। वहीं नवनियुक्त प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षकों की परिवीक्षा अवधि पूर्ण होने के बावजूद संविलियन आदेश जारी नहीं किए गए हैं।
माध्यमिक शिक्षकों की विभाग द्वारा जारी पदक्रम सूची में भी कई पात्र शिक्षकों के नाम छूटने की बात संघ ने कही। इसके अलावा उच्च माध्यमिक शिक्षकों की 10 वर्ष एवं 20 वर्ष की सेवा पूर्ण होने के बाद समयमान आदेश जारी नहीं किए जाने का मुद्दा भी ज्ञापन में उठाया गया।
ज्ञापन के माध्यम से संघ ने पांचों न्यायसंगत मांगों पर शीघ्र विचार करते हुए शिक्षकों का लंबित वेतन जारी करने, क्रमोन्नति एवं संविलियन के आदेश जारी करने, पदक्रम सूची में छूटे शिक्षकों के नाम जोड़ने तथा स्थानांतरित शिक्षकों का रुका हुआ वेतन तत्काल जारी करने की मांग की।
यह थे मौजूद
ज्ञापन सौंपते समय पिंकी काकोडिया, कविता उइके, निशा उइके, राधा धुर्वे, राकेश नागले, दिनेश इवने, आनंद भोंडे, शनिराम उइके, भादूसिंह लविस्कर, रविकुंवर उइके, दुर्गा सरयाम, कृष्ण बक्स कासदे, सोनम नवड़े, शिवदास कुमरे, रूपेश गंजाम, ओमप्रकाश उइके, कृतिका उइके, सरित आहके सहित संघ के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें