रामपुर के दो वरिष्ठ भाजपा नेताओं को पश्चिमी उत्तर प्रदेश संगठन में मिली अहम जिम्मेदारी
हंसराज पप्पू को सहारनपुर और भारत भूषण गुप्ता को मेरठ जिले का प्रभारी नियुक्त किया गया
जन-जन की आवाज़ न्यूज़ 24
ब्यूरो चीफ: रफीउल्लाह खान रिपोर्ट
रामपुर। भारतीय जनता पार्टी के पश्चिमी उत्तर प्रदेश संगठन में रामपुर जनपद के दो वरिष्ठ एवं अनुभवी भाजपा नेताओं को महत्वपूर्ण संगठनात्मक जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी ने हंसराज पप्पू को सहारनपुर जिले का जिला प्रभारी तथा भारत भूषण गुप्ता को मेरठ जिले का जिला प्रभारी नियुक्त किया है। वहीं रामपुर जनपद के लिए मोहित बेनीवाल को जिला प्रभारी का दायित्व सौंपा गया है।
हंसराज पप्पू को सहारनपुर की जिम्मेदारी
हंसराज पप्पू का संगठन में लंबे समय से सक्रिय एवं महत्वपूर्ण योगदान रहा है। वह रामपुर जिले में तीन बार जिला महामंत्री तथा एक बार जिला उपाध्यक्ष के दायित्व का निर्वहन कर चुके हैं। इसके अतिरिक्त उन्होंने अनुसूचित मोर्चा के जिला अध्यक्ष तथा पश्चिम उत्तर प्रदेश अनुसूचित मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष के रूप में भी संगठन की जिम्मेदारी संभाली है।
वर्ष 2023 में उन्हें भारतीय जनता पार्टी रामपुर का जिलाध्यक्ष बनाया गया। वर्तमान में वह जिला पंचायत सदस्य हैं। उनकी धर्मपत्नी वर्ष 2016 से 2022 तक चमरौआ ब्लॉक की ब्लॉक प्रमुख रह चुकी हैं।
संगठनात्मक अनुभव और लंबे समय से पार्टी में सक्रिय भूमिका को देखते हुए उन्हें सहारनपुर जैसे महत्वपूर्ण जिले की जिम्मेदारी दी गई है।
भारत भूषण गुप्ता को मेरठ जिले का प्रभारी
भारत भूषण गुप्ता भी भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ एवं अनुभवी नेताओं में शामिल हैं। वह दो बार जिला पंचायत सदस्य रह चुके हैं। वर्ष 2017 से 2019 तक भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश कोषाध्यक्ष के दायित्व का निर्वहन किया।
वर्ष 2019 में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर रामपुर विधानसभा उपचुनाव लड़ा, जिसमें उन्हें लगभग 6,800 मतों के अंतर से पराजय का सामना करना पड़ा। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में वह बिलासपुर विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी रहे।
उनके संगठनात्मक एवं चुनावी अनुभव को देखते हुए पार्टी ने उन्हें मेरठ जिले का जिला प्रभारी नियुक्त किया है। उनकी पत्नी दीपक गुप्ता ने वर्ष 2017 में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी के रूप में रामपुर नगर पालिका अध्यक्ष का चुनाव लड़ा था।
मोहित बेनीवाल को रामपुर की जिम्मेदारी
भारतीय जनता पार्टी ने मोहित बेनीवाल को रामपुर जिले का प्रभारी नियुक्त किया है। मोहित बेनीवाल लंबे समय से संगठन में विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों पर कार्य कर चुके हैं।
वह पूर्व में भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश मंत्री, पश्चिम उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय महामंत्री तथा पश्चिम उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। इसके बाद वह लगातार दो बार भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष रहे हैं।
वर्तमान में वह विधान परिषद सदस्य होने के साथ-साथ भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष के दायित्व पर भी हैं।
भाजपा नेतृत्व द्वारा अनुभवी एवं संगठनात्मक क्षमता रखने वाले नेताओं को विभिन्न जिलों की जिम्मेदारी दिए जाने के बाद रामपुर के दोनों वरिष्ठ नेताओं को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के महत्वपूर्ण जिलों की जिम्मेदारी मिलने पर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पार्टी नेतृत्व का आभार जताया और दोनों नेताओं को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
जन-जन की आवाज़ न्यूज़ 24
हर खबर, आप तक



टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें