बॉयलर लदा ट्रेलर डाफी में फंसा, रास्ते की गुणवत्ता पर उठे सवाल
डबल इंजन और जेसीबी-हाइड्रा की मदद के बाद भी नहीं निकला ट्रेलर, रास्ता बनाने में जल्दबाजी का आरोप
वाराणसी। डाफी टोल प्लाजा के उत्तर तरफ बनाए गए वैकल्पिक मार्ग पर बुधवार को बॉयलर लदा एक ट्रेलर फंस गया। बताया गया कि वैकल्पिक मार्ग पर दलदल होने के कारण ट्रेलर के पिछले हिस्से के करीब आधा दर्जन पहिए मिट्टी में धंस गए। ट्रेलर को निकालने के लिए डबल इंजन के साथ जेसीबी और हाइड्रा की मदद ली गई, लेकिन काफी प्रयास के बाद भी ट्रेलर आगे नहीं बढ़ सका।
ट्रेलर को बाहर निकालने के लिए जेसीबी की मदद से रास्ते को मजबूत करने और बनाने का काम किया जा रहा है। मौके पर ट्रेलर को देखने के लिए राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, वैकल्पिक रास्ते के निर्माण में जल्दबाजी की गई। आरोप है कि रास्ते पर गिट्टी डालने के बाद पर्याप्त रूप से रोलर नहीं चलाया गया। इसके बाद अस्थायी मार्ग तैयार कर उस पर लोहे की स्लीपर प्लेट बिछाई गई। ट्रेलर हाईवे से नीचे उतरकर लोहे की स्लीपर प्लेट पर पहुंचा, लेकिन इसके बाद उसका पिछला हिस्सा दलदली जमीन में फंस गया।
बताया गया कि भारी वाहन के आवागमन को देखते हुए करीब एक महीने पहले रास्ता बनाने के लिए सर्वे भी किया गया था। इसके बावजूद मार्ग का निर्माण जल्दबाजी में किए जाने को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
वहीं, बॉयलर को ले जा रहे ट्रांसपोर्ट कर्मचारियों का कहना है कि रास्ता तैयार करने के बाद भी ट्रेलर नहीं निकल पा रहा है। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त इंजन मंगाकर ट्रेलर को खींचकर बाहर निकालने का प्रयास किया जाएगा।
रिपोर्ट: विजय कुमार वाराणसी
जन जन की आवाज न्यूज़, 24

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें