रामपुर: घंटाघर पार्क में अंधेरे को लेकर उठे सवाल, सफाई और लाइट दुरुस्त कराने की मांग
जन-जन की आवाज न्यूज़ 24
ब्यूरो चीफ रफीउल्लाह खान रिपोर्ट : रामपुर
रामपुर। राष्ट्रीय लोक दल के प्रदेश महासचिव, रोहिलखंड प्रभारी एवं पूर्व जिला अध्यक्ष मोहम्मद उस्मान बबलू ने बरेली गेट स्थित घंटाघर पार्क की सफाई व्यवस्था और खराब पड़ी लाइटों का मुद्दा उठाया है।
मोहम्मद उस्मान बबलू ने कहा कि पार्क में रात के समय पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण अंधेरा रहता है। उनका आरोप है कि इसी अंधेरे का फायदा उठाकर नशेड़ी और असामाजिक तत्व पार्क में गलत गतिविधियां करते हैं। उन्होंने कहा कि महिला थाने के ठीक सामने इस तरह की स्थिति होना गंभीर चिंता का विषय है।
उन्होंने नगर पालिका से मांग की कि घंटाघर पार्क की तत्काल सफाई कराई जाए और खराब पड़ी लाइटों को दुरुस्त कराकर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि हाईवे के सामने और महिला थाने के सामने स्थित पार्क में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन को गंभीरता दिखानी चाहिए।
प्रदेश महासचिव ने कहा कि शहर में पूर्व में भी नशेड़ी व्यक्तियों द्वारा दो चौकीदारों की हत्या किए जाने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ऐसे में किसी बड़ी अनहोनी से पहले नगर पालिका और प्रशासन को पार्क की व्यवस्था सुधारनी चाहिए।
मोहम्मद उस्मान बबलू ने चेतावनी दी कि यदि नगर पालिका द्वारा जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो इस पूरे प्रकरण से जिलाधिकारी रामपुर सहित उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अवगत कराया जाएगा।



टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें