रामनगर लतीफपुर की बदहाल सड़क पर भड़का किसानों का गुस्सा, मरम्मत की मांग को लेकर प्रशासन से लगाई गुहार
जन-जन की आवाज़ न्यूज़ 24 रामपुर
ब्यूरो चीफ: रफीउल्लाह खान की रिपोर्ट
रामपुर। तहसील टांडा क्षेत्र के ग्राम रामनगर लतीफपुर में लंबे समय से खराब और क्षतिग्रस्त सड़क को लेकर ग्रामीणों और किसानों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। सड़क की जर्जर हालत के कारण स्थानीय लोगों को रोजाना आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों की समस्या को लेकर भारतीय किसान यूनियन लोक शक्ति और भीम आर्मी के पदाधिकारियों ने प्रशासन से सड़क की जल्द से जल्द मरम्मत अथवा निर्माण कराए जाने की मांग उठाई है।
इस दौरान भारतीय किसान यूनियन लोक शक्ति के मंडल उपाध्यक्ष मुरादाबाद अब्बास अली, भीम आर्मी के जिला उपाध्यक्ष रामपुर विकास सिंह तथा तहसील उपाध्यक्ष टांडा रियासत अली ने कहा कि रामनगर लतीफपुर की सड़क की हालत बेहद खराब है। जगह-जगह सड़क क्षतिग्रस्त होने के कारण ग्रामीणों को आने-जाने में परेशानी होती है। बारिश के दौरान समस्या और गंभीर हो जाती है।
पदाधिकारियों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क का स्थलीय निरीक्षण कराया जाए और जल्द से जल्द निर्माण या मरम्मत का कार्य शुरू कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके
।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की खराब स्थिति का असर आम लोगों के साथ-साथ किसानों और स्कूली बच्चों के आवागमन पर भी पड़ रहा है। लंबे समय से समस्या बने रहने के बावजूद समाधान नहीं होने से लोगों में आक्रोश बढ़ रहा है।
किसान संगठनों और भीम आर्मी के पदाधिकारियों ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि सड़क की समस्या का जल्द समाधान नहीं किया गया तो ग्रामीणों की आवाज को लेकर आंदोलन की राह अपनाई जा सकती है।
रिपोर्ट: रफीउल्लाह खान
ब्यूरो चीफ, जन-जन की आवाज़ न्यूज़ 24



टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें