33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र भटवलिया का डीएम ने किया औचक निरीक्षण
विद्युत आपूर्ति एवं व्यवस्थाओं का लिया जायजा, निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण आपूर्ति सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
देवरिया, जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने रविवार को 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र, भटवलिया का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उपकेंद्र की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था, विभिन्न उपकरणों की स्थिति तथा संचालन से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से उपकेंद्र से जुड़े विद्युत फीडरों, विद्युत आपूर्ति की स्थिति तथा उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराई जा रही विद्युत सेवा के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिया कि उपकेंद्र एवं उससे संबंधित सभी व्यवस्थाओं को पूरी तरह क्रियाशील रखा जाए तथा विद्युत आपूर्ति में किसी भी प्रकार की अनावश्यक बाधा उत्पन्न न होने पाए।
उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को निर्बाध, नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। विद्युत आपूर्ति में आने वाली तकनीकी समस्याओं का तत्काल संज्ञान लेते हुए निर्धारित समय-सीमा में समाधान सुनिश्चित किया जाए।
डीएम ने उपकेंद्र के उपकरणों एवं अन्य आवश्यक संसाधनों का नियमित निरीक्षण और रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आकस्मिक तकनीकी समस्या के कारण विद्युत आपूर्ति प्रभावित न हो।
उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को फाल्ट एवं शिकायतों के निस्तारण में तत्परता बरतने तथा उपभोक्ताओं की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए। साथ ही विद्युत व्यवस्था की सतत निगरानी रखने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान विद्युत विभाग के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जन-जन की आवाज़ न्यूज़ 24
देवरिया संजय मिश्र



टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें