187 कुंतल खाद्यान्न की कालाबाजारी का आरोप, मृत कोटेदार के बेटे पर एफआईआर
भाटपार रानी, देवरिया। भाटपार रानी तहसील क्षेत्र के खामपार ग्राम पंचायत में सरकारी राशन के खाद्यान्न को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। मृत कोटेदार की दुकान से जुड़े करीब 187 कुंतल खाद्यान्न को निर्धारित प्रक्रिया के तहत स्थानांतरित नहीं किए जाने और कथित तौर पर बाजार में बेचने के मामले में पुलिस ने कोटेदार के बेटे के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार खामपार ग्राम पंचायत की कोटेदार चंद्रावती देवी की 1 अगस्त को मृत्यु हो गई थी। इसके बाद उनकी सरकारी राशन की दुकान को उसी ग्राम पंचायत के दूसरे विक्रेता शिव अवतार सिंह से संबद्ध कर दिया गया था। दुकान के संचालन से संबंधित खाद्यान्न और अन्य सामग्री को नए विक्रेता को हस्तांतरित किया जाना था।
बताया गया कि मृत कोटेदार के बेटे करुणेश कुमार सिंह उर्फ मुन्ना सिंह ने आदेश की प्रति प्राप्त करने के बाद वितरण उपकरण तथा करीब 13 कुंतल खाद्यान्न नए विक्रेता को उपलब्ध कराया, लेकिन शेष खाद्यान्न का पूरा हस्तांतरण नहीं किया गया।
जांच में 32.196 कुंतल गेहूं, 116.412 कुंतल चावल और 39 किलो चीनी का स्टॉक उपलब्ध नहीं पाया गया। कुल मिलाकर खाद्यान्न की मात्रा करीब 187 कुंतल बताई गई है।
मामला उस समय सामने आया जब संबद्ध विक्रेता शिव अवतार सिंह ने तहसील दिवस में शिकायत कर बताया कि उन्हें दुकान से संबंधित पूरा खाद्यान्न नहीं मिला है। शिकायत के बाद नायब तहसीलदार भाटपार रानी और क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी की टीम ने मामले की जांच की।
जांच के दौरान ग्रामीणों से भी जानकारी ली गई। रिपोर्ट के अनुसार ग्रामीणों ने बताया कि मृत कोटेदार की दुकान का संचालन उनके बेटे करुणेश कुमार सिंह द्वारा किया जाता था। खाद्यान्न हस्तांतरण को लेकर उन्हें नोटिस भी जारी किया गया, लेकिन पूरा खाद्यान्न हस्तांतरित नहीं किया गया।
जांच रिपोर्ट के आधार पर जिलाधिकारी की अनुमति मिलने के बाद खामपार थाने में करुणेश कुमार सिंह उर्फ मुन्ना सिंह के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।
प्रशासन की कार्रवाई के बाद अब इस मामले में पुलिस स्तर से आगे की जांच की जा रही है। वहीं सरकारी राशन के लाभार्थियों को समय पर खाद्यान्न उपलब्ध कराने और राशन व्यवस्था को सुचारु रखने को लेकर भी प्रशासन की भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी।
जन-जन की आवाज़ न्यूज़ 24
देवरिया संवाददाता इरफान अहमद



टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें