डिजिटल उपस्थिति में लापरवाही, देवरिया के 12 परिषदीय विद्यालयों को नोटिस
देवरिया। जिले के भागलपुर विकासखंड में परिषदीय विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की डिजिटल उपस्थिति दर्ज करने में लापरवाही का मामला सामने आया है। विभागीय समीक्षा में 12 विद्यालय ऐसे मिले, जहां डिजिटल उपस्थिति का अंकन नहीं किया गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापक एवं प्रभारी प्रधानाध्यापकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
जानकारी के अनुसार 31 अगस्त को प्रेरणा पोर्टल के डिजिटल रजिस्टर मॉड्यूल पर उपलब्ध रिपोर्ट की समीक्षा की गई। भागलपुर विकासखंड में कुल 114 परिषदीय विद्यालय हैं। इनमें से 102 विद्यालयों में विद्यार्थियों की डिजिटल उपस्थिति दर्ज मिली, जबकि 12 विद्यालयों में डिजिटल उपस्थिति का आंकड़ा शून्य पाया गया।
जिन विद्यालयों में डिजिटल उपस्थिति दर्ज नहीं मिली, उनमें बभनियांव कंपोजिट, चकरा बोधा, चक्र उपाध्याय, धरमेर, ढिगड़ा जुनेबी, हरखपुरा, हटवा टोला, परसिया अली, पिपरा बेनी, पिपरा रामधर, रेउली और तेलिया शुक्ला शामिल हैं।
बताया गया कि डिजिटल उपस्थिति को लेकर संबंधित विद्यालयों को पहले भी विभाग की ओर से निर्देश और चेतावनी दी जा चुकी थी। इसके बावजूद व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं दिखाई दिया। इसके बाद खंड शिक्षा अधिकारी सूरज कुमार ने संबंधित प्रधानाध्यापकों से स्पष्टीकरण मांगा है।
शिक्षा विभाग ने विद्यालयों को डिजिटल उपस्थिति नियमित और समयबद्ध तरीके से दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि भविष्य की समीक्षा में यदि दोबारा निर्देशों की अनदेखी सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ नियमानुसार विभागीय कार्रवाई के लिए रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जा सकती है।
खंड शिक्षा अधिकारी ने सभी प्रधानाध्यापकों एवं प्रभारी प्रधानाध्यापकों को शासन और विभागीय निर्देशों का प्राथमिकता के आधार पर पालन करने तथा विद्यार्थियों की डिजिटल हाजिरी नियमित रूप से दर्ज कराने को कहा है।
जन-जन की आवाज़ न्यूज़ 24
देवरिया इरफान अहमद



टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें