चिचोली में धूमधाम से मनाई गई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, सर्व यादव समाज ने निकाली विशाल शोभायात्रा
बैतूल/चिचोली। सुरेन्द्र बावने
जन जन की आवाज न्यूज़ 24
चिचोली नगर एवं क्षेत्र में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व शुक्रवार को हर्षोल्लास और धार्मिक उत्साह के साथ मनाया गया। रिमझिम बारिश के बीच भी श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बना। क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों में हवन-पूजन, भजन-कीर्तन एवं धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
इसी क्रम में जिला स्तरीय सर्व यादव समाज के तत्वावधान में भगवान श्रीकृष्ण एवं भोलेनाथ की आकर्षक चलित झांकी के साथ विशाल शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा गोंडूमंडाई स्थित सिंगाजी मंदिर से तपश्री खेल मैदान तक निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में यादव समाज के बंधु एवं श्रद्धालु शामिल हुए। डीजे और बैंड-बाजे के साथ निकली शोभायात्रा से नगर का माहौल भक्तिमय हो गया।
शोभायात्रा के नगर भ्रमण के दौरान विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं तथा नगरवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण की झांकी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।
तपश्री खेल मैदान में शोभायात्रा के पहुंचने के बाद भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना एवं आरती की गई। इसके पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसादी का वितरण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान समाज के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं का सम्मान भी किया गया। जिला अध्यक्ष कांतिलाल सहित समाज के गणमान्य लोगों ने प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर समाज के उत्थान एवं विकास को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा भी हुई। समाज में सगाई प्रथा को बंद करने तथा चिचोली में भगवान श्रीकृष्ण मंदिर निर्माण को लेकर समाज के लोगों ने विचार-विमर्श किया। कार्यक्रम में जिलेभर से बड़ी संख्या में यादव समाज के बंधु उपस्थित रहे।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर निकली विशाल शोभायात्रा ने चिचोली नगर को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया।




टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें