जनकल्याण शिविर में कलेक्टर डॉ. संजय सोनवडे ने तारा सेक्टर में सुनी ग्रामीणों की समस्याएं
दुर्गेश यादव, मध्यप्रदेश हेड — जन-जन की आवाज़ न्यूज़ 24
बैतूल। जिले में आयोजित जनकल्याण शिविर के दौरान कलेक्टर डॉ. संजय सोनवडे ने तारा सेक्टर पहुंचकर ग्रामीणों एवं आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर पहुंचे, जिन्हें कलेक्टर ने बारी-बारी से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई एवं शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।
ग्राम पंचायत ढुमका रैय्यत की शिकायतों की होगी जांच
शिविर के दौरान ग्राम पंचायत ढुमका रैय्यत से संबंधित शिकायतों एवं विभिन्न विकास कार्यों को लेकर भी ग्रामीणों द्वारा अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखी गईं। शिकायतों की वास्तविकता की जांच के लिए जिला स्तर पर जांच दल गठित किया गया है।
जांच दल द्वारा मौके पर पहुंचकर संबंधित शिकायतों एवं विकास कार्यों की जांच की जाएगी। जांच के बाद सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन द्वारा जांच दल गठित किए जाने का स्वागत किया और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की मांग रखी।
शासकीय हाई स्कूल तारा का निरीक्षण
जनकल्याण शिविर के दौरान कलेक्टर डॉ. संजय सोनवडे ने तारा पंचायत स्थित शासकीय हाई स्कूल का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं एवं शिक्षण व्यवस्था की जानकारी ली।
विद्यालय में शिक्षक व्यवस्था को लेकर आवश्यक कार्रवाई करते हुए कलेक्टर ने बीईओ शाहपुर को तत्काल शिक्षक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इससे विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों को नियमित एवं बेहतर शैक्षणिक सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में कदम उठाया गया है।
जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अमला रहा मौजूद
जनकल्याण शिविर में पूर्व विधायक एवं वर्तमान जिला पंचायत सदस्य श्री मंगल सिंह धुर्वे, भाजपा जिला कार्यकारिणी सदस्य श्री विशाल सिंह ठाकुर, तारा सरपंच श्री राजकुमार काकोडिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को अपनी समस्याएं सीधे जिला प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर मिला। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीणों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर लिया जाए और पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाए।
रिपोर्ट — दुर्गेश यादव, मध्यप्रदेश हेड
जन-जन की आवाज़ न्यूज़ 24




टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें