फिल्मी स्टाइल में पीछा कर गोवंश से भरा वाहन पकड़ा, ड्राइवर फरार
जोगली के पास युवा शिवशक्ति संगठन ने की घेराबंदी, क्लीनर गिरफ्तार
अंधेरे का फायदा उठाकर ड्राइवर फरार; क्लीनर गिरफ़्तार
संवाददाता — सुरेंद्र बावने, बैतूल
जन-जन की आवाज़ न्यूज़ 24
बैतूल जिले के चिचोली थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के युवाओं की सजगता से गोवंश तस्करी का मामला सामने आया। संदेह के आधार पर एक पिकअप वाहन का पीछा कर युवा शिवशक्ति संगठन के युवाओं ने उसे नेशनल हाईवे-47 पर जोगली के पास घेरकर रोक लिया। वाहन में तीन बैल ठूंस-ठूंसकर भरे मिले। कार्रवाई के दौरान चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जबकि क्लीनर को युवाओं ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने तीनों बैलों को मुक्त कराकर गौशाला भेज दिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
घटना सोमवार 31 अगस्त की तड़के करीब 4 बजे की बताई गई है। पुलिस के अनुसार भीमपुर रोड चिचोली निवासी सागर आर्य अपने मित्रों अमित भारद्वाज, मोटू यादव और सुभाष मालवी के साथ आर्य जोड़ पर खड़े थे। इसी दौरान उन्हें सफेद रंग की एक पिकअप संदिग्ध स्थिति में आती दिखाई दी। युवाओं ने वाहन को रोकने का प्रयास किया तो चालक ने रफ्तार बढ़ाकर भागने की कोशिश की। इसके बाद युवाओं ने वाहन का पीछा शुरू कर दिया।
काफी दूर तक पीछा करने के बाद युवाओं ने नेशनल हाईवे-47 पर जोगली के पास वाहन को घेर लिया। पिकअप क्रमांक एमपी 28 जी 1328 के रुकते ही चालक राजू इवने निवासी हरन्या, चिचोली अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकला। वहीं वाहन में मौजूद क्लीनर जयप्रकाश अहाके पिता हीरामन अहाके को पकड़ लिया गया। युवाओं ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
- मलाजपुर से भरने और महाराष्ट्र ले जाने की बात आई सामने
पुलिस पूछताछ में क्लीनर ने बताया कि बैलों को मलाजपुर के पास से वाहन में भरा गया था और उन्हें वध के लिए महाराष्ट्र ले जाया जा रहा था। वाहन की तलाशी लेने पर तीन बैल मिले। इनमें दो सफेद रंग के करीब 7 और 8 वर्ष तथा एक लाल रंग का करीब 6 वर्ष का बैल बताया गया है।
पुलिस के मुताबिक तीनों पशुओं को रस्सियों से इस तरह बांधकर वाहन में ठूंसकर रखा गया था कि उनके शरीर पर रगड़ के निशान पाए गए। वाहन में पशुओं के लिए चारे और पानी की भी कोई व्यवस्था नहीं थी। परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज भी नहीं मिले।
- गोवंश वध प्रतिषेध अधिनियम के तहत केस
चिचोली थाना ने फरियादी सागर आर्य की रिपोर्ट पर आरोपियों के खिलाफ मध्यप्रदेश गोवंश वध प्रतिषेध अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 और 9, मध्यप्रदेश कृषि उपयोगी संरक्षक अधिनियम की धारा 9 और 11 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(1)(घ) के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस ने पकड़े गए क्लीनर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि फरार चालक राजू इवने की तलाश की जा रही है। तीनों बैलों को सुरक्षित गौशाला भेज दिया गया है।
- बड़ी संख्या में युवा रहे शामिल
वाहन को पकड़ने की कार्रवाई में युवा शिवशक्ति संगठन से जुड़े बड़ी संख्या में युवाओं ने भूमिका निभाई। इनमें सागर आर्य, जतिन आर्य, अमित यादव, रितेश मरकाम, प्रिंस आर्य, दीपक काकोडिया, लकी, कुणाल, संदीप, अन्नू, मोहनीश, आयुष यादव, हेमंत पटवा, अंशुल, मोहित, अखिल, रोहित सोनी, सचिन इवने, सूरज धुर्वे, हरीश कुमरे, सचिन मालवी, राजा, अर्पित, आर्यश आर्य, मोना यादव, सौरभ ठाकुर, आकाश दरवाई, शुभम पटेल, आदर्श बिहारे, जितेश गंगारे, समित पंद्रे, प्रवीण मरकाम, विशाल, रोहित कुमरे, आदित्य गंगारे और अमन विश्वकर्मा सहित अन्य युवा मौजूद रहे।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें