सिगरा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में अत्याधुनिक जिम की सुविधा, महापौर ने किया लोकार्पण
· 62 लाख की लागत से निखरी फिटनेस की रंगत, एचडीएफसी के सहयोग से तैयार हुआ जिम
· प्रधानमंत्री जी के विजन से काशी बनी विश्वस्तरीय खेल नगरी : अशोक कुमार तिवारी
· एक ही छत के नीचे 21 खेलों के साथ अब मिली वर्ल्ड क्लास जिमिंग की सुविधा : नगर आयुक्त
वाराणसी : महानगरों की तर्ज पर अब काशी के खिलाड़ियों और फिटनेस प्रेमियों को शहर के मध्य में ही अंतरराष्ट्रीय स्तर की अत्याधुनिक जिम सुविधा मिलेगी। डॉ. सम्पूर्णानन्द स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स (सिगरा) में एचडीएफसी बैंक के सहयोग से लगभग 62 लाख रुपये की लागत से निर्मित अत्याधुनिक जिम का लोकार्पण बुधवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी ने किया
समारोह को संबोधित करते हुए महापौर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि सिगरा स्टेडियम का वर्तमान विश्वस्तरीय स्वरूप यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की प्रेरणादायी खेल नीति और काशी के प्रति उनके विशेष लगाव की देन है। प्रधानमंत्री के प्रयासों से ही सिगरा स्टेडियम को पुनर्विकसित कर विश्वस्तरीय खेल परिसर बनाया गया और इसमें भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) का विशेष सेंटर स्थापित हुआ। उन्होंने एशियाई खेलों में 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाले साई सिगरा के निशानेबाज़ कमलजीत की उपलब्धि का जिक्र करते हुए कहा कि पीएम जी के विजन और आधुनिक ट्रेनिंग से काशी का नाम विश्व पटल पर चमक रहा है। महापौर ने आगे कहा कि काशी में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए सिगरा स्टेडियम के साथ-साथ गंजारी में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम (बीसीसीआई) और लालपुर स्टेडियम का जीर्णोद्धार ऐतिहासिक कदम हैं।
कार्यक्रम में नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल
ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में काशी की विरासत को सहेजने के साथ विकास के नए आयाम गढ़े जा रहे हैं। उत्तर प्रदेश में सिगरा स्टेडियम जैसा परिसर नहीं है, जहां एक ही छत के नीचे 21 प्रकार के खेलों की सुविधा उपलब्ध है। अब इस वर्ल्ड क्लास जिम के जुड़ने से खिलाड़ियों को फिटनेस के लिए सभी आधुनिक संसाधन एक स्थान पर मिलेंगे।
इस अवसर पर उपसभापति नरसिंह दास, पार्षद सिंधू सोनकर, राजकपूर चौधरी, मो. कासिम खां, स्मार्ट सिटी के मुख्य महाप्रबंधक अमरेंद्र तिवारी, एचडीएफसी बैंक के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट मनीष टंडन तथा कई गणमान्य नागरिक व खिलाड़ी उपस्थित रहे।
जिम में स्थापित किए गए अत्याधुनिक महत्वपूर्ण उपकरण
कार्डियो व स्ट्रेंथ ज़ोन: कर्व्ड ट्रेडमिल, एयर रोवर मशीन, क्रॉस ट्रेनर, स्पिन बाइक, स्की मशीन, और लेग/चेस्ट प्रेस मशीनें।
मसल एंड बॉडी शेपिंग: शोल्डर प्रेस मशीन, लैट पुल डाउन, स्क्वैट रैक, डेडलिफ्ट प्लेटफॉर्म, केबल क्रॉसओवर, हिप थ्रस्ट, एब्डोमिनल क्रंच व रोटेशन मशीन।
विशेष आकर्षण: वर्कआउट के बाद रिलैक्सेशन के लिए फुल बॉडी मसाज रिक्लाइनर सोफा, बैटल रोप, ओलंपिक रॉड, डम्बल रैक और लेदर मैट्स जैसी प्रीमियम सुविधाएं।
विजय कुमार वाराणसी
जन जन की आवाज, 24
रिपोर्टर: विजय कुमार





टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें