पीछे से झपट्टा मारकर मंगलसूत्र लूटने वाले गिरोह का खुलासा, तीन बाल अपचारी सहित छह गिरफ्तार
बैतूल। सारणी थाना पुलिस ने महिला के गले से मंगलसूत्र झपटकर फरार होने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए तीन बाल अपचारियों सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मंगलसूत्र, चार सोने के मोती, एक कान की बाली तथा वारदात में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की है। बरामद सामग्री की कुल कीमत लगभग 40 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 21 सितंबर 2026 को सुमन पंडाग्रे, उम्र 52 वर्ष, निवासी संत रविदास कॉलोनी पाथाखेड़ा ने थाना सारणी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वह एबी टाइप ऑफिसर कॉलोनी, वार्ड क्रमांक 13 से काम करके पैदल अपने घर जा रही थीं। शिव मंदिर के पास पहुंचने पर पीछे से स्कूटी पर आए तीन युवकों ने झपट्टा मारकर उनके गले से मंगलसूत्र और उसमें लगे सोने के मोती छीन लिए तथा मौके से फरार हो गए।
मामले में थाना सारणी में अपराध क्रमांक 335/26 के तहत धारा 304(2), 3(5) बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक बैतूल श्री वीरेन्द्र जैन ने घटना को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और लूटे गए सामान की बरामदगी के निर्देश दिए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमलेश खरपुसे एवं एसडीओपी सारणी सुश्री प्रियंका करचाम के मार्गदर्शन में थाना सारणी पुलिस टीम ने तकनीकी एवं विवेचनात्मक साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। विवेचना के दौरान तीन बाल अपचारियों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में नीलम बिन्दवारी द्वारा बाल अपचारियों को चोरी/लूट के लिए उकसाने की बात सामने आई। बाल अपचारियों ने 21 सितंबर को एबी टाइप कॉलोनी सारणी में महिला के गले से मंगलसूत्र और सोने के मोती झपटने तथा लूटा हुआ सामान नीलम बिन्दवारी को देने की जानकारी दी।
जांच में यह भी सामने आया कि लूटा गया मंगलसूत्र और सोने के मोती आगे वैष्णवी एवं एक बाल अपचारी के माध्यम से आलोक सिखदार को करीब 15 हजार रुपये में बेचे गए। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 27 सितंबर 2026 को नीलम बिन्दवारी, वैष्णवी, आलोक सिखदार सहित तीन बाल अपचारियों को गिरफ्तार किया। मामले में धारा 95, 317(2) एवं 112(2) बीएनएस का इजाफा किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी
- आलोक पिता स्व. श्यामू सिखदार, उम्र 38 वर्ष, निवासी कालीमाई मेन रोड, शोभापुर, थाना सारणी।
- वैष्णवी पिता शोकेश मंडल, उम्र 19 वर्ष, निवासी बाजार मोहल्ला, कालीमाई पाथाखेड़ा, थाना सारणी।
- नीलम पति सुमित बिन्दवारी, उम्र 36 वर्ष, निवासी बाजार मोहल्ला, कालीमाई पाथाखेड़ा, थाना सारणी।
- तीन बाल अपचारी।
बरामद सामग्री
- मंगलसूत्र एवं 4 सोने के मोती, कीमत लगभग 40,000 रुपये।
- एक कान की बाली, कीमत लगभग 600 रुपये।
- वारदात में प्रयुक्त स्कूटी क्रमांक MP-48-N-9369।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जयपाल इनवाती, उप निरीक्षक मनोज उईके, प्रधान आरक्षक मनोज डेहरिया, श्रीराम उईके तथा आरक्षक रवि मोहन, राकेश करपे, सुभाष मंडलोई, मोहित भाटी, जितेन्द्र मोरे, मोनू उईके, वर्षा नागले एवं लक्ष्मी कश्यप की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक ने की अपील
पुलिस अधीक्षक श्री वीरेन्द्र जैन ने आमजन से अपील की है कि राह चलते महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों के साथ झपटमारी जैसी घटनाओं की सूचना तत्काल पुलिस को दें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा संदिग्ध व्यक्ति की जानकारी पुलिस को उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि किसी भी घटना को छिपाने के बजाय तत्काल नजदीकी थाना अथवा डायल 112 पर सूचना दें। अपराधों की रोकथाम एवं आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
रिपोर्टर: अकरम खान पटेल, बैतूल
जन जन की आवाज न्यूज 24

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें