बाबा का श्रृंगार, फिर बंटा खीर का फलाहार
18 वर्षों से कायम है खीर सेवा की परंपरा, सावन के अंतिम रविवार को उमड़ी कांवरियों व श्रद्धालुओं की भीड़
वाराणसी। शिव की नगरी काशी में कांवरियों और शिवभक्तों की सेवा के लिए सावन माह के अंतिम रविवार को बुलानाला टाउनहॉल सब स्टेशन के नीचे बाबा नरवा वीर प्रबंध समिति की ओर से रात्रि 9 बजे से देर रात तक फलाहार खीर का वितरण किया गया। पिछले 18 वर्षों से लगातार आयोजित हो रहे इस सेवा कार्यक्रम में इस वर्ष करीब 2,000 लीटर (20 कुंतल) दूध से खीर तैयार की गई।
कार्यक्रम से पूर्व श्रीश्री 1008 बाबा नरवा वीर, मां दुर्गा, मां शीतला एवं बजरंगबली का श्रावणी श्रृंगार किया गया। इसके बाद खीर का भोग लगाकर मंदिर के पुजारी ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन कराया और प्रसाद वितरण का शुभारंभ किया।
खीर वितरण में डाक बम, बोल बम, कांवरियों के साथ राहगीरों ने भी प्रसाद ग्रहण किया। प्रसाद लेने के लिए श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कई श्रद्धालु एक बार प्रसाद लेने के बाद दोबारा कतार में लगकर खीर का आनंद लेते नजर आए।
कार्यक्रम संयोजक गणेशु यादव ने बताया कि सावन माह में काशी में होने वाले खीर वितरण कार्यक्रमों में बाबा नरवा वीर प्रबंध समिति का यह आयोजन पिछले 18 वर्षों से निरंतर चला आ रहा है। सेवा कार्य में समिति के सदस्यों के साथ क्षेत्रीय नागरिक भी बढ़-चढ़कर सहयोग करते हैं। शिवभक्तों को फलाहार खीर का प्रसाद वितरित करना समिति के सदस्यों के लिए सौभाग्य की बात है।
सावन के अंतिम सोमवार को व्रती श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को देखते हुए समिति के सदस्यों ने साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा। प्रसाद ग्रहण करने के बाद शिवभक्तों ने समिति के सेवा कार्य के लिए आभार जताया और ‘बोल बम’ के जयकारे लगाते हुए बाबा के दरबार की ओर बढ़ते रहे।
गणेशु यादव
कार्यक्रम संयोजक
मोबाइल: 93692 20076



टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें