*हर्ष भुसारी ने जीतू पटवारी की संबंधित अधिकारी की दूरभाष पर बात करवाई, उसके बाद अतिक्रमण कार्रवाई पर लगी रोक*
त्योहार के पहले कार्रवाई से व्यापारियों में आक्रोश, कांग्रेस नेताओं ने मौके पर पहुंचकर जताया विरोध
जन जन की आवाज न्यूज़ चैनल 24 संवाददाता राजेंद्र प्रसाद यादव चिचोली
चिचोली। रक्षाबंधन पर्व से ठीक पहले चिचोली के नवीन बस स्टैंड परिसर में नगर परिषद द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर बुधवार को हंगामे की स्थिति बन गई। नगर परिषद की टीम अतिक्रमण हटाने के लिए मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की, जिसके बाद व्यापारियों ने विरोध जताया। सूचना मिलते ही कांग्रेस नेता भी मौके पर पहुंचे और कार्रवाई का विरोध किया।
कांग्रेस नेता हर्ष भुसारी ने मौके से ही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी से फोन पर चर्चा कर पूरे मामले की जानकारी दी। हर्ष भुसारी ने बताया कि रक्षाबंधन जैसे महत्वपूर्ण त्योहार के ठीक पहले वर्षों से दुकान संचालित कर रहे व्यापारियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने से उन्हें आर्थिक नुकसान होगा। उन्होंने मांग की कि प्रशासन पहले व्यापारियों से चर्चा करे और उचित व्यवस्था किए बिना कार्रवाई न की जाए।
हर्ष भुसारी की बातचीत के बाद जीतू पटवारी ने संबंधित अधिकारियों से फोन पर चर्चा की, जिसके बाद फिलहाल अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई रोक दी गई। दुकानदारों को भी सोमवार तक स्वयं अतिक्रमण हटाने की मोहलत दी गई है।
पूर्व पार्षद रूपेश आर्य ने भी जताया विरोध
मौके पर पहुंचे पूर्व पार्षद एवं कांग्रेस नेता रूपेश आर्य ने भी नगर परिषद की कार्रवाई का विरोध किया। उन्होंने कहा कि व्यापारी लंबे समय से यहां दुकानें संचालित कर रहे हैं और त्योहार के ठीक पहले उन्हें हटाने की कार्रवाई करना उचित नहीं है। उन्होंने प्रशासन से कार्रवाई से पहले व्यापारियों की समस्या सुनने और उनके लिए उचित व्यवस्था करने की मांग की।
विरोध के दौरान नगर परिषद की टीम द्वारा दो दुकानों को हटाया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और अधिकारियों के बीच बहस भी हुई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि वे व्यवस्थित बस स्टैंड के पक्ष में हैं, लेकिन व्यापारियों को अचानक हटाने के बजाय मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए उचित समाधान निकाला जाना चाहिए।
4-5 दुकानें अभी भी बाकी
नवीन बस स्टैंड परिसर में अभी करीब 4 से 5 दुकानें बाकी हैं। नगर परिषद की ओर से कहा गया है कि समय पर अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो दोबारा कार्रवाई की जाएगी। वहीं सीएमओ ज्योति सुनरे ने बताया कि नए बस स्टैंड के संचालन की तैयारी की जा रही है और अतिक्रमण के कारण बसों के आवागमन में परेशानी हो रही है। संबंधित लोगों को पूर्व में भी नोटिस दिए जा चुके हैं।
इस दौरान पूर्व पार्षद रूपेश आर्य, कांग्रेस नेता हर्ष भुसारी, सैम आर्य, हनी सोनी, पलाश आर्य, अमन खान, नवनीत आर्य सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि विकास और व्यवस्थित यातायात जरूरी है, लेकिन वर्षों से व्यवसाय कर रहे छोटे व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए प्रशासन को कार्रवाई से पहले उचित वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए।





टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें